सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र में बिजली की लगातार ट्रिपिंग, बढ़ते लोड, बिजली बिल में गड़बड़ी और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर शनिवार को सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता लालजी महतो के साथ बैठक की. बैठक में नगर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.



बैठक में लगातार हो रही बिजली ट्रिपिंग और बढ़ते विद्युत लोड का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. गर्मी के मौसम में बिजली की बढ़ती खपत के कारण विद्युत व्यवस्था पर पड़ रहे अतिरिक्त भार को कम करने तथा आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी.
बैठक के बाद विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य ने कहा कि सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र की बिजली समस्या को लेकर कार्यपालक अभियंता के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है. ट्रिपिंग की समस्या को दूर करने के साथ ही विद्युत लोड को व्यवस्थित करने की दिशा में विभागीय स्तर पर काम किया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि एक सप्ताह के भीतर बिजली से जुड़ी प्रमुख समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि बिजली की निर्बाध आपूर्ति केवल घरेलू उपभोक्ताओं के लिए ही जरूरी नहीं है, बल्कि नगर क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था भी विद्युत आपूर्ति पर निर्भर है. पीएचईडी के माध्यम से होने वाली जलापूर्ति बिजली की समस्या के कारण प्रभावित नहीं हो, इसे लेकर भी विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा की गई. जलापूर्ति के समय पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने पर जोर दिया गया.
बैठक में बिजली बिल में गड़बड़ी की शिकायतों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. उपभोक्ताओं को गलत अथवा अधिक राशि के बिल मिलने की शिकायतों के समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह एक दिन सरायकेला एसडीओ कार्यालय में विशेष शिविर लगाने का निर्णय लिया गया. इस शिविर में उपभोक्ता बिजली बिल से संबंधित अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और विभागीय स्तर पर उसकी जांच कर समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं को बिल सुधार के लिए बार-बार बिजली विभाग के कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है. निर्धारित दिन शिविर में पहुंचकर उपभोक्ता अपनी शिकायत सीधे दर्ज करा सकेंगे.
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता लालजी महतो ने कहा कि सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में ट्रिपिंग और विद्युत लोड से जुड़ी समस्या को विभाग गंभीरता से ले रहा है. विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए तकनीकी स्तर पर आवश्यक जांच और कार्रवाई की जाएगी. जहां अधिक लोड के कारण विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहां लोड को व्यवस्थित करने की दिशा में काम किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि बिजली बिल से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए एसडीओ कार्यालय में नियमित शिविर लगाने की व्यवस्था की जाएगी. उपभोक्ता शिविर में अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि विभागीय स्तर पर उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
बैठक में नगर क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई. बिजली की ट्रिपिंग या आपूर्ति बाधित होने के कारण जलापूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए पीएचईडी की जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े विद्युत कनेक्शन और लोड को लेकर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया.
सनंद आचार्य ने कहा कि सरायकेला की जनता को बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए. बिजली की समस्या के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित होना उचित नहीं है. बैठक में लिए गए निर्णयों का असर आने वाले दिनों में धरातल पर दिखाई देने की उम्मीद है.
नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से बिजली की ट्रिपिंग और बिल संबंधी शिकायतें उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं. ऐसे में विधायक प्रतिनिधि और बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता के बीच हुई बैठक के बाद लोगों को समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है. अब एक सप्ताह में बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान का दावा और साप्ताहिक बिल सुधार शिविर कितना प्रभावी साबित होता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह





