सरायकेला: झारखंड मुक्ति मोर्चा कुचाई प्रखंड कार्यालय में शनिवार को झामुमो के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता रहे शहीद निर्मल महतो की 39वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा ने किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित हुए और शहीद निर्मल महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. साथ ही उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र सिंह मुंडा ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने झारखंडी अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई को नई दिशा देने का काम किया था. उन्होंने युवाओं को संगठित कर झारखंड आंदोलन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता. झारखंड को जो पहचान और सम्मान मिला है, उसमें शहीद निर्मल महतो का योगदान अविस्मरणीय है.
उन्होंने कहा कि निर्मल महतो ने सामाजिक न्याय, आदिवासी- मूलवासी हितों की रक्षा तथा शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया. उनके आदर्श आज भी झामुमो कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं. कार्यकर्ताओं को उनके विचारों को जन- जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए.
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहीद निर्मल महतो के जीवन संघर्ष और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को याद किया. कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके बलिदान ने अलग झारखंड राज्य के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस अवसर पर सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में वनाधिकार सह विधायक प्रतिनिधि भारत सिंह मुंडा, जिला संगठन युवा सचिव राहुल सोय, तिलोपदा पंचायत मुखिया राम सोय, युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष चंद्रमोहन मुंडा सहित दशरथ उरांव, रामचंद्र मुंडा, अजीत कुमार मुंडा, डीबार सोय, नारायण गुंदुवा और झामुमो के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने कहा कि शहीद निर्मल महतो के आदर्श, संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे.





