जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित निक्को पार्क के पास शनिवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कार से धारदार हथियार बरामद किया है. पुलिस ने कार सवार पांच युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है.



जानकारी के अनुसार, पांचों युवक एक कार से निक्को पार्क के समीप पहुंचे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे और कार का दरवाजा खोलकर तेज आवाज में गाना बजा रहे थे. युवकों की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली. तलाशी के दौरान सीट के नीचे से एक धारदार हथियार बरामद हुआ. हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने पांचों युवकों को हिरासत में ले लिया.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक धारदार हथियार अपने साथ क्यों लेकर घूम रहे थे और उनका मकसद क्या था. साथ ही युवकों के नशे में होने के आरोप की भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस पांचों युवकों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट होगी.





