सरायकेला: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू और ईचागढ़ प्रखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य का शुक्रवार को जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने निरीक्षण किया. उन्होंने दावा-आपत्ति प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.


निरीक्षण के क्रम में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने SN +2 हाई स्कूल, टीकर, ईचागढ़, राजकीय +2 हाई स्कूल, तिरुलडीह, कुकड़ू तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भ्रमण किया. यहां ELC (Electoral Literacy Club) की गतिविधियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया.
रंगोली और चित्रकला से दिया मतदाता जागरूकता का संदेश
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में छात्राओं ने मतदाता जागरूकता पर आकर्षक चित्रकला और रंगोली तैयार की थी. जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने छात्राओं के प्रयास की सराहना की. विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया.
इस दौरान पारुल सिंह ने विद्यार्थियों के साथ मतदान, मतदाता सूची और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर संवाद किया. छात्र-छात्राओं के बीच प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी आयोजित किया गया. सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया.
18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं को Form-6 की दी जानकारी
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों को Form-6 के माध्यम से नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने युवाओं से मतदान के अधिकार का जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
निरीक्षण के दौरान आम लोगों और विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपना नाम एवं अन्य विवरण जांचने तथा आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति दर्ज कराने के प्रति भी जागरूक किया गया. अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

