सरायकेला: नगर क्षेत्र के हाट टोला स्थित लक्ष्मी मंदिर के समीप मंगलवार को एक घर में करीब चार फीट लंबा वाटर स्नेक घुसने से परिवार में हड़कंप मच गया. घर के अंदर अचानक सांप दिखाई देने के बाद परिजन घबरा गए और इसकी सूचना सर्पमित्र राजा बारिक को दी.


सूचना मिलते ही राजा बारिक मौके पर पहुंचे. उन्होंने सावधानीपूर्वक सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया और बाद में उसे आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया. सांप के रेस्क्यू होने के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली.
मौसम बदलने पर बढ़ जाती है सतर्कता की जरूरत
सर्पमित्र राजा बारिक ने बताया कि मौसम में बदलाव के दौरान सांप सहित कई जीव-जंतु सुरक्षित और अनुकूल स्थान की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ सकते हैं. ऐसे में लोगों को घर और आसपास साफ-सफाई रखने के साथ झाड़ियों को बढ़ने नहीं देना चाहिए.
उन्होंने रात में बाहर निकलते समय टॉर्च या पर्याप्त रोशनी का इस्तेमाल करने, जमीन पर सोने से बचने तथा सोने से पहले बिस्तर और आसपास की जगह की जांच करने की सलाह दी.
सांप दिखे तो खुद पकड़ने की कोशिश न करें
राजा बारिक ने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने, छेड़ने या खुद पकड़ने का प्रयास नहीं करें. इससे सर्पदंश का खतरा बढ़ सकता है. इसके बजाय प्रशिक्षित सर्पमित्र या संबंधित विशेषज्ञ को सूचना दें.
उन्होंने नशे की हालत में सांप अथवा किसी अन्य जहरीले जीव के नजदीक नहीं जाने की भी अपील की. कहा कि सावधानी और जागरूकता सर्पदंश से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

