गम्हरिया: सरायकेला जिले में चल रही एसआईआर प्रक्रिया के तहत गम्हरिया प्रखंड के आदित्यपुर नगर निगम के बूथ संख्या 66 की बीएलओ अनिता मंडल ने शत- प्रतिशत सत्यापन का कार्य पूरा कर उपलब्धि हासिल की है. बेहतर कार्य के लिए अंचल अधिकारी सह एईआरओ प्रवीण कुमार ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.


इस मौके पर प्रवीण कुमार ने अनिता मंडल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य में शत- प्रतिशत सत्यापन पूरा करना उनकी सक्रियता और जिम्मेदारी को दर्शाता है. उन्होंने अन्य बीएलओ से भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ सत्यापन कार्य पूरा करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर बीएलओ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. प्रत्येक पात्र मतदाता का सत्यापन और निर्वाचन संबंधी कार्यों को समय पर पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है. मौके पर सच्चिदानंद चौधरी, रंजीत कुमार सिंह, संजय महतो, अनिल कुमार पांडे और संजय झा मौजूद रहे.

