सरायकेला: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सरायकेला-खरसावां जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत बुधवार को तीनों विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया. इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं अन्य सुधार के लिए दावा-आपत्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जो 4 सितंबर 2026 तक चलेगी.



जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बताया कि जिले के 50-ईचागढ़, 51-सरायकेला (अ.ज.जा.) एवं 57-खरसावां (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों एवं अधिसूचित स्थलों पर प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है, ताकि मतदाता अपने नाम एवं विवरण का सत्यापन कर सकें.
प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 7,67,613 मतदाता पंजीकृत हैं. इनमें 3,84,834 पुरुष, 3,81,919 महिला एवं 10 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं.
विधानसभावार मतदाताओं की संख्या में ईचागढ़ में 2,56,155, सरायकेला (अ.ज.जा.) में 3,02,716 तथा खरसावां (अ.ज.जा.) में 2,08,742 मतदाता दर्ज किए गए हैं.

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे. प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 3 अक्टूबर तक किया जाएगा, जबकि 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी.
जिला प्रशासन ने बताया कि 1 अप्रैल, 1 जुलाई अथवा 1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि के अनुसार 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी प्रपत्र-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
उपायुक्त ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर प्रदर्शित प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन करें. किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित बीएलओ, एईआरओ अथवा ईआरओ के समक्ष दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें.





