सरायकेला: जिले के राजनगर प्रखंड के लखीपोश (LBSA) में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार देर शाम समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ. प्रतियोगिता में कुल 48 टीमों ने हिस्सा लेकर शानदार प्रदर्शन किया. फाइनल मुकाबले में बाबा गोल्ड एफसी, गम्हारिया ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. जबकि नासा, हाकेगोड़ा की टीम उपविजेता रही. दुलार, राजनगर की टीम ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना बटोरी.



प्रतियोगिता में कुल छह पुरस्कार प्रदान किए गए. सभी भाग लेने वाली टीमों को सम्मान स्वरूप एक-एक खस्सी (बकरा) भेंट किया गया. विजेता टीम को आकर्षक ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया.
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो नेता प्रोफेसर केपी सोरेन एवं कृष्ण बास्के उपस्थित रहे. कार्यक्रम में बुद्धिजीवी मंच के जिला अध्यक्ष दुर्गा लाल मुर्मू, भगतु मर्डी, प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम, पूर्व मुखिया रघुनाथ मुर्मू, श्याम सोरेन, शेखर महाकुड़ सहित झामुमो के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.
अपने संबोधन में केपी सोरेन ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को खेल को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अपने उज्ज्वल भविष्य का रास्ता बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि झारखंड में डूरंड कप जैसे बड़े खेल आयोजनों से प्रेरणा लेकर युवा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का लक्ष्य रखें. राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
वहीं कृष्ण बास्के ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ समाज और परिवार को भी नई दिशा देता है. उन्होंने युवाओं से अनुशासन के साथ खेलते हुए शिक्षा पर भी समान रूप से ध्यान देने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने और हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है.





