छपरा: सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना तेजपुरवा चौक की है. मृतक की पहचान पटेढ़ी बैज गांव निवासी धर्मनाथ सिंह के 26 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है.



मिली जानकारी के अनुसार. बिट्टू कुमार तेजपुरवा चौक स्थित एक गुमटी पर सामान खरीद रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी गौरा की ओर फरार हो गए.

दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी की और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.
सूचना मिलते ही सारण के एसएसपी, ग्रामीण एसपी, मढ़ौरा थाना एवं गौरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.





