सरायकेला: जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार पर लगाम लगाने की कोशिशों के बीच माफिया लगातार नए तरीके अपनाकर प्रशासन को चुनौती दे रहे हैं. ताजा मामले में मिलन चौक- सालुकडीह मार्ग पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालू लदा एक हाइवा जब्त किया है.

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 7 बजे गश्ती के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की. जांच के दौरान चालक वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. स्थिति बिगड़ता देख चालक मौके से फरार हो गया, जिससे अवैध परिवहन की पुष्टि और मजबूत हो गई.
थाना प्रभारी बजरंग महतो ने बताया कि जब्त हाइवा को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. साथ ही संबंधित विभागों को भी सूचना दे दी गई है. पुलिस का कहना है कि अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. कई बालू घाटों को ट्रेंच काटकर अवरुद्ध भी किया गया है, लेकिन इसके बावजूद माफिया चोरी- छिपे गतिविधियां जारी रखे हुए हैं.
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. आने वाले दिनों में ऐसे तत्वों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Report By Vikash Thakur

