सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक सड़क जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में शनिवार को चौका थाना क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.

अभियान के तहत ट्रैफिक प्रभारी यातायात राजू कुमार, थाना प्रभारी सोनू कुमार एवं पुलिस बल की टीम ने सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी. इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनने के फायदे बताए गए.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है. दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, तेज गति से वाहन न चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई. अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों की जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है.

