सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र में शनिवार को दो अलग- अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक होमगार्ड और एक एएनएम नर्स गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर कर दिया गया.

पहली घटना सुबह करीब 5 बजे की है. जानकारी के अनुसार रवि सरदार सीजेएम आवास में होमगार्ड के रूप में तैनात हैं. शनिवार सुबह वह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. एडीपीओ आवास के समीप पहुंचने पर कांड्रा की ओर जा रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. इस हादसे में होमगार्ड का पैर टूट गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
दूसरी घटना करीब 11 बजे सरायकेला- कांड्रा मार्ग पर साहेबगंज के समीप हुई. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगनी में पदस्थापित एएनएम सुषमावती सिंकू स्कूटी से सरायकेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वैक्सीन लेने आई थीं. वैक्सीन लेकर वह टीकाकरण के लिए जा रही थीं. इसी दौरान अचानक एक बकरी स्कूटी के सामने आ गई. बकरी को बचाने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर गईं. इस दुर्घटना में उनके सिर पर गंभीर चोट आई है. दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा- तफरी का माहौल रहा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

