सरायकेला: झारखंड के लिए गौरव की बात है कि सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के कृष्णापुर गांव निवासी आशीष कुमार दास को देश की अग्रणी आईटी कंपनी इंफोसिस का अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एवं प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है. कंपनी के अनुसार वे 1 अप्रैल 2027 से यह जिम्मेदारी संभालेंगे. हालांकि उनकी नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के बाद प्रभावी होगी.



आशीष कुमार दास पिछले 30 वर्षों से अधिक समय से इंफोसिस से जुड़े हैं और वर्तमान में कंपनी में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट एवं ग्लोबल बिजनेस पोर्टफोलियो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने कंपनी के वैश्विक कारोबार, ग्राहक सेवाओं और कई महत्वपूर्ण रणनीतिक परियोजनाओं का नेतृत्व किया है.
आशीष कुमार दास का जीवन संघर्ष और मेहनत की मिसाल है. राजनगर प्रखंड के कृष्णापुर गांव के साधारण परिवार से आने वाले आशीष पांच भाइयों में सबसे छोटे हैं. उन्होंने सरकारी एसएस प्लस टू हाई स्कूल, राजनगर से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और आगे की पढ़ाई टाटा कॉलेज, चाईबासा से की. 12वीं के दौरान पिता के निधन के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई नहीं छोड़ी और कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ते रहे.
बाद में उन्होंने आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से ग्लोबल लीडरशिप प्रोग्राम पूरा किया. वर्तमान में वे अमेरिका के लॉस एंजेलिस में रहकर इंफोसिस के वैश्विक कारोबार का नेतृत्व कर रहे हैं.
राजनगर के एक सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर देश की शीर्ष आईटी कंपनी के CEO पद तक पहुंचने वाले आशीष कुमार दास की उपलब्धि झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है.





