सरायकेला: जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजनगर थाना पुलिस को सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान राजनगर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार किया है.



गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित गोप, पिता हरेलाल गोप, निवासी सोनारडीह, थाना राजनगर, जिला सरायकेला-खरसावां के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, रोहित गोप के विरुद्ध GR No. 439/23 के तहत न्यायालय से वारंट निर्गत था. वारंट के आधार पर पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी.
इसी क्रम में राजनगर थाना पुलिस को आरोपी के संबंध में सूचना मिली. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे उसके क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
राजनगर थाना प्रभारी विपुल ओझा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना क्षेत्र में वारंटियों और फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत रोहित गोप को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि न्यायालय से जारी वारंट का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना तथा न्यायालय से संबंधित मामलों में फरार चल रहे आरोपियों और वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत लाना है. उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भी पुलिस को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने की अपील की.





