राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना से महज एक किलोमीटर दूर राजनगर- जुगसलाई मुख्य मार्ग पर बीती रात एक और दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. हीरा टेंट हाउस के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मगरकेला निवासी 38 वर्षीय युवक रामराय हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया.
जानकारी के अनुसार, मृतक रामराय हांसदा जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील फाउंडेशन में कार्यरत थे. शनिवार को वह अपने एक मित्र से मिलने जमशेदपुर गए थे. लौटने के क्रम में राजनगर थाना क्षेत्र के साहू कॉलोनी हीरा टेंट हाउस के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से यह दुर्घटना घटित हुई. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वह हेलमेट पहने हुए थे, फिर भी सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है. वहीं मृतक के सहकर्मियों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि राजनगर से चाईबासा मार्ग पर जहाँ अधिकतर दुर्घटनाएँ होती हैं, वहाँ स्पीड ब्रेकर या नो-एंट्री जोन बनाए जाएँ ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ रोकी जा सकें.

