जमशेदपुर: शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानगो थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. ऑपरेशन प्रहार के तहत जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट एरिया में छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इनके पास से 68 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसका कुल वजन 4.93 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है. इसके अलावा 530 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं.


सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 1 नवंबर की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक को जवाहरनगर रोड नंबर-14 के फॉरेस्ट एरिया में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक मुख्यालय-1 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया.
पुलिस टीम ने रात करीब आठ बजे इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की. इस दौरान एक शेड के पास खड़े दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनमीत सिंह और आनंद राज विद्यार्थी के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अब बरामद ब्राउन शुगर के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है.

