सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय डांगो में बुधवार को अभिभावक- शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चुम्बरू बोदरा ने की. इसमें शिक्षक- शिक्षिकाओं, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भाग लिया.


बैठक में बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, अनुशासन, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई, परीक्षा परिणाम, व्यवहार और विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी. बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए घर और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया.
ड्रॉपआउट रोकने और कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चुम्बरू बोदरा ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच नियमित संवाद जरूरी है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने और उन्हें नियमित विद्यालय भेजने की अपील की.

प्रधानाध्यापक रुद्र प्रताप महतो ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का सशक्त माध्यम है. बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय और अभिभावकों को मिलकर प्रयास करना होगा.
बैठक में नई शिक्षा नीति, बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने, समय पर गृहकार्य पूरा कराने और डिजिटल शिक्षा के महत्व पर भी चर्चा हुई. अभिभावकों ने मध्याह्न भोजन, स्वच्छ पेयजल, खेलकूद और विद्यालय की अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर सुझाव रखे. शिक्षकों ने इन विषयों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया.

बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, ड्रॉपआउट रोकने और पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को विशेष शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श हुआ. साथ ही समय-समय पर पीटीएम आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि बच्चों की शिक्षा और विद्यालय के विकास से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से पहल की जा सके.
बैठक में चुम्बरू बोदरा, रुद्र प्रताप महतो, दियुरी बोदरा, सुखराम सोय, बानसा सामाड, बुंदी राम सोय, लालमोहन बांदिया, सुखराम बोदरा, सोमा बानरा, मागला सोय, सुकमनी कुई सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे.

