सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुक्रवार को नीमडीह थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में थाना क्षेत्र के सभी बैंक शाखा प्रबंधक, पेट्रोल पंप संचालक और ज्वेलरी शॉप संचालक शामिल हुए. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी संतन तिवारी ने की.

थाना प्रभारी ने सभी संस्थानों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बैंक, पेट्रोल पंप और ज्वेलरी दुकानों जैसे संवेदनशील प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय स्थिति में होने चाहिए. कैमरों की रिकॉर्डिंग नियमित रूप से सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने को कहा गया.
बैठक में बैंक प्रबंधकों को बैंक खुलने और बंद होने के समय विशेष सतर्कता बरतने, कैश मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा ग्राहकों की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया. वहीं पेट्रोल पंप संचालकों को रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने और सुरक्षा उपकरणों को दुरुस्त रखने को कहा गया.
ज्वेलरी शॉप संचालकों को दुकान में अलार्म सिस्टम, हाई क्वालिटी सीसीटीवी और सुरक्षा गार्ड रखने की सलाह दी गई. थाना प्रभारी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का सहयोग आवश्यक है.
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने साइबर ठगी, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने को लेकर भी जागरूक किया. सभी संचालकों ने पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने का भरोसा दिलाया.

