सरायकेला: जिले में अवैध खनन और खनन पट्टों में गड़बड़ियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर बुधवार को जिला खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरायकेला अंचल के उगमा और राइडीह क्षेत्र में संचालित दो पत्थर खनन पट्टों का औचक निरीक्षण किया.


खनन विभाग की इस कार्रवाई से खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया. जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान खनन पट्टों के सीमांकन, खनिज भंडारण, खनिज परिवहन, प्रेषण व्यवस्था तथा पर्यावरणीय स्वीकृति (CTO) समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन जांच की गई.
निरीक्षण के दौरान कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आने के बाद विभाग ने संबंधित पट्टाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. जांच में वैधानिक नियमों के उल्लंघन के संकेत मिलने पर संबंधित संचालकों को विभागीय नियमानुसार नोटिस और मांगपत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में अवैध खनन, अवैध खनिज भंडारण और अवैध परिवहन जैसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन की इस सख्ती से खनन कारोबारियों में बेचैनी बढ़ गई है.

