सरायकेला: बरसात के मौसम में सरायकेला- खरसावां जिले में आकाशीय बिजली एक बार फिर जानलेवा साबित हुई. सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंटोपोसी पंचायत के दुबराजपुर गांव स्थित बेचीडीह टोला में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से अनिल महतो की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है.



प्राप्त जानकारी के अनुसार. शुक्रवार को करीब 3:30 बजे अनिल महतो अपने घर में बैठे हुए थे. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी. जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए. परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है.
गौरतलब है कि सरायकेला- खरसावां जिला हर वर्ष मानसून के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं के लिए संवेदनशील माना जाता है. लगभग हर वर्ष जिले के विभिन्न इलाकों से ऐसी घटनाओं में जान- माल के नुकसान की खबरें सामने आती रहती हैं. मौसम विभाग और जिला प्रशासन लगातार खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील करते रहे हैं.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिजली चमकने और गर्जना होने पर खुले मैदान, खेत, ऊंचे स्थान और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें. खराब मौसम के दौरान सुरक्षित पक्के भवन में रहें और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें.
प्रमोद सिंह (संपादक)





