आदित्यपुर: कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) शाखा कार्यालय, आदित्यपुर में शुक्रवार को स्थायी अपंगता हितलाभ (PDB) एवं आश्रित हितलाभ (DB) योजनाओं के तहत लाभार्थियों को प्रथम भुगतान प्रदान करने के लिए एक समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम झारखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय निदेशक शिवेन्द्र कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ.



समारोह के दौरान PDB योजना के तहत चार लाभार्थियों. महेंद्र सिंह मुंडा. गुडू कुमार यादव. संजय सिंह और रामदास हेमब्रम को कुल लगभग 6.47 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई. वहीं DB योजना के अंतर्गत बीमित व्यक्ति स्वर्गीय सोनाराम महतो के तीन आश्रितों को कुल लगभग 2.15 लाख रुपये का प्रथम भुगतान किया गया.

इस अवसर पर लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपे गए तथा कर्मचारी राज्य बीमा निगम की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि ESIC का उद्देश्य बीमित कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सामाजिक सुरक्षा लाभ उपलब्ध कराना है. उन्होंने पात्र लाभार्थियों से निगम की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की.
लाभार्थियों ने त्वरित एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए ESIC के प्रति आभार व्यक्त किया.
कार्यक्रम में क्षेत्रीय निदेशक शिवेन्द्र कुमार के साथ शाखा प्रबंधक संजय कुमार. एसएसओ राजीव कुमार. कार्यालय अधीक्षक रंजीत बर्नवाल तथा शाखा कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे.





