सरायकेला: सावन माह की धार्मिक आस्था के बीच नव युवक कांवरिया संघ, तोडंगडीह (कुचाई) के तत्वावधान में मंगलवार को 35 कांवरियों का जत्था बाबा वैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ. पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल के बीच ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठा. जत्थे का नेतृत्व लखींद्र महतो कर रहे हैं.



रवाना होने से पूर्व कुचाई थाना परिसर स्थित बाबा भोलेनाथ मंदिर एवं दुर्गा मंदिर में विशेष पूजा- अर्चना की गई. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और मां दुर्गा से यात्रा की सफलता, क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की. पूजा के बाद स्थानीय ग्रामीणों एवं परिजनों ने कांवरियों का स्वागत कर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाओं के साथ उन्हें विदा किया.

जत्था प्रमुख लखींद्र महतो ने बताया कि सभी कांवरिया पहले सुल्तानगंज पहुंचेंगे, जहां उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल लेकर लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए बाबा वैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे. वहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर अच्छी वर्षा, बेहतर फसल, क्षेत्र की खुशहाली और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करेंगे.
उन्होंने कहा कि सावन माह में बाबा वैद्यनाथ धाम की कांवर यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है. श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, अनुशासन और सेवा भाव के साथ कठिन पैदल यात्रा कर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं. इसी आस्था और उत्साह के साथ इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा पर निकले हैं.
इस अवसर पर संघ के राम महतो, लक्ष्मण महतो, दिनेश महतो, अक्षय महतो, राकेश महतो, रोशन महतो, करण महतो, गुगेल लोवादा, श्यामलाल मछुआ, राम प्रसाद महतो, सोनू कुम्हार, भुवनेश्वर महतो, संतोष महतो, वरुण महतो, भोला कुम्हार, प्रदीप कुम्हार, चंद्रमोहन महतो, शंभूनाथ महतो, अरुण लोहार, विनोद दास, बबलू दास, धर्मेंद्र गोप, विमल प्रधान, अनिल प्रधान, कमलेश महतो, अभिमन्यु महतो, कमल महतो, नागेंद्र तांती, संजय प्रधान, बलराम महतो सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.





