सरायकेला: जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पाटा टोल के समीप शनिवार को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. प्रशासन द्वारा चलाए गए इस अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल ₹1,01,800 का जुर्माना वसूला गया.

यह अभियान उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर चलाया गया. जांच अभियान के दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग तथा अन्य यातायात सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई.
जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने और आवश्यक कागजात अधूरे पाए जाने पर कई वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई. अभियान के कारण सड़क पर वाहन चालकों के बीच हड़कंप की स्थिति देखी गई.
अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. प्रशासन का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे. अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो सहित संबंधित पुलिस पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.
Report By Pramod Singh



