सरायकेला/ Pramod Singh थाना परिसर में रविवार को दशहरा और दुर्गा पूजा को लेकर थाना प्रभारी विनय कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. इस बार सरायकेला थाना क्षेत्र में 15 स्थानों पर दुर्गा पूजा आयोजित होगी.

बैठक में सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने को अनिवार्य किया गया ताकि असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके और पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके. महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग- अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाने के निर्देश भी दिए गए.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. यदि कोई समिति डीजे बजाएगी तो उसका डीजे जप्त कर कार्रवाई की जाएगी. सभी समितियों से पूजा लाइसेंस लेने और नवीनीकरण कराने की अपील की गई ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके.
थाना प्रभारी ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और अफवाहों से बचने की अपील की. उन्होंने कहा कि शांति और भाईचारे के माहौल में ही दुर्गा पूजा और दशहरा को सफल बनाया जा सकता है.
बैठक में सरायकेला अंचल अधिकारी हिम्मतलाल महतो, प्रखंड पदाधिकारी यस्मिता सिंह, पदमश्री छुटनी महतो, सर्किल इंस्पेक्टर नितिन कुमार सिंह, नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज चौधरी, डॉ चंदन कुमार, जलेश कवि, भोला महंती, जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल, सुदीप पटनायक समेत बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे.
देखें video

