सरायकेला: उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने सोमवार को विभिन्न कार्यान्वयन एजेंसियों द्वारा संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की. बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, भवन निर्माण, सड़क सहित विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.



डीडीसी ने सभी कार्यान्वयन एजेंसियों को लंबित योजनाओं में तेजी लाने, निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी.
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए सभी कार्यपालक अभियंताओं को स्वीकृत प्राक्कलन, तकनीकी मानकों एवं टेंडर की शर्तों के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए गए. साथ ही घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित संवेदक और जिम्मेदार पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया.
समीक्षा के दौरान ऐसे संवेदकों की भी पहचान की गई जिन्होंने अब तक कार्य शुरू नहीं किया है या बिना किसी वैध कारण के निर्माण कार्यों में देरी की है. डीडीसी ने ऐसे संवेदकों के विरुद्ध संविदा की शर्तों के अनुसार कड़ी एवं दंडात्मक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया.
बैठक में प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति, निविदा, कार्यारंभ और भुगतान से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई. डीडीसी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान कर विकास कार्यों को गति दें, ताकि आम लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





