सरायकेला/ Pramod Singh शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया.

इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और अंचलों से आए नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए. उपायुक्त ने सभी आवेदनों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई की और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और नियमानुसार समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए.
जनता दरबार में भूमि विवाद, सालडीह टू में खेल मैदान के समतलीकरण और बैठने की व्यवस्था, केरला पब्लिक स्कूल छोटा गम्हरिया के सामने सड़क पर ज़ेब्रा क्रॉसिंग बनाने, अपशिष्ट प्रबंधन, राजनगर प्रखंड में सीमांकन में अवरोध तथा बाउंड्री वॉल विवाद और आँख के इलाज हेतु मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी सहायता योजना के अंतर्गत लाभ देने जैसे विषयों पर आवेदकों ने अपनी बात रखी. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों पर प्राथमिकता के साथ समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

