सरायकेला: उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने बुधवार को ईचागढ़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था, योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसेवा कार्यों की गहन समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यालयों का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.


निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने निर्वाचन, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, जेएसएलपीएस समेत विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने उपस्थिति पंजी, अभिलेखों और कार्यालयीन पंजीयों की जांच करते हुए सभी कर्मियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने तथा सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निर्वहन करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने कहा कि कार्यालयों में आने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए और उनके साथ सहयोगात्मक तथा संवेदनशील व्यवहार रखा जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को छोटी- छोटी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है.
उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार- प्रसार पर भी जोर दिया. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिले और कोई भी योग्य व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे. इसके लिए जनप्रतिनिधियों, मीडिया और सामाजिक संगठनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता बताई.

निरीक्षण के दौरान सर्वेक्षण और जनगणना कार्यों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने संबंधित कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. साथ ही अभिलेखों और दस्तावेजों के व्यवस्थित रख-रखाव तथा नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा.
इस दौरान उपायुक्त ने प्रखंड परिसर में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का भी निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसी को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों और स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप होना चाहिए तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
उपायुक्त ने कार्यालय परिसर और शौचालयों की साफ- सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण में बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की नसीहत दी. उन्होंने नियमित क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने, जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने और समयबद्ध सेवा प्रदायगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा और अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
Edited By Sarita Mahato

