सरायकेला: जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित जिला फुटबॉल लीग अर्जुना-कप अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है. मंगलवार को बिरसा स्टेडियम, सरायकेला में खेले गए मुकाबले में सुमित एफसी सीनी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ट्रिपल ए हरिहरपुर को 2-1 से शिकस्त दी. इस जीत के साथ सुमित एफसी ने लगातार चौथी जीत दर्ज करते हुए सुपर-5 में अपना स्थान पक्का कर लिया. वह सुपर-5 में पहुंचने वाली लीग की दूसरी टीम बन गई.



जीत के सबसे बड़े नायक सुरसिंह सामद रहे. उन्होंने मैच में दो शानदार गोल दागकर विरोधी टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. उनके दमदार प्रदर्शन के सामने हरिहरपुर की रणनीति बेअसर साबित हुई. हरिहरपुर की ओर से सुशील टुडू ने एकमात्र गोल कर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन टीम हार टालने में सफल नहीं हो सकी.
पूरे मैच में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. हरिहरपुर ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए, लेकिन सुमित एफसी की मजबूत रक्षापंक्ति और तेज आक्रमण ने उसे कोई मौका नहीं दिया. अंतिम सीटी बजते ही खिलाड़ियों और समर्थकों के बीच जीत का जश्न शुरू हो गया.
दिन के पहले मुकाबले में एनएससी बुरुडीह निर्धारित समय तक मैदान में नहीं पहुंच सकी. इसके चलते प्रतियोगिता नियमों के तहत वाईबीएफसी राजनगर को वॉकओवर देकर विजेता घोषित किया गया.
कल के मुकाबले- अर्जुना स्टेडियम, खरसावां
दोपहर 2:00 बजे- एसएफए मातकमडीह बनाम डीकेएमसी नारायणबेड़ा.
अपराह्न 3:30 बजे- बीएमसी धौलुडीह बनाम डीपीएफसी खरसावां.
जिला फुटबॉल लीग अर्जुना-कप अब निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है. सुपर-5 की दौड़ लगातार रोमांचक होती जा रही है और अब हर मुकाबला टीमों के लिए ‘करो या मरो’ जैसा बन गया है.





