सरायकेला: लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों को लेकर आदित्यपुर- गम्हरिया विकास समिति के अध्यक्ष एवं आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने गुरुवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत से उनके कार्यालय मिलकर ज्ञापन सौंपा.

ज्ञापन में आदित्यपुर- गम्हरिया क्षेत्र के सभी छठ घाटों की मरम्मती, साफ- सफाई, नदी के बेड की सफाई, सभी घाटों के पहुंच पथ की मरम्मती एवं सफाई सघन रूप से प्रारंभ करने का आग्रह किया गया. साथ ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट और खराब पड़े चापाकल एवं डीप बोरिंग की मरम्मती युद्ध स्तर पर शुरू किए जाने की मांग की गई.
ज्ञापन में यह भी अनुरोध किया गया कि सभी छठ घाटों पर पूजा के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा लगाए गए शिविरों को टैंकर से जलापूर्ति की जाए. पार्किंग का स्थान चिन्हित किया जाए, नदी में गहरे पानी वाले स्थान पर डेंजर बोर्ड लगाए जाएं, छठव्रती माताओं और बहनों के लिए चेंजिंग रूम का निर्माण किया जाए और सभी घाटों के निकट अस्थाई शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
साथ ही 24×7 जलापूर्ति की व्यवस्था करने हेतु जिंदल एवं पेयजल स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए जाने, टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग एवं सर्विस रोड की बंद स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने और छठ पूजा के दौरान स्ट्रीट लाइट को डीजी से जोड़ने हेतु जेआरडीसीएल को कड़ा निर्देश दिए जाने की मांग की गई.
इसके अतिरिक्त कुलुपटांगा छठ घाट, जयप्रकाश उद्यान छठ घाट, शहरबेड़ा दूमोहानी छठ घाट सहित अन्य घाटों पर एंबुलेंस सहित मेडिकल कैंप लगाए जाने और आदित्यपुर- गम्हरिया क्षेत्र में छठ पूजा के दौरान निरंतर पावर सप्लाई सुनिश्चित करने हेतु विद्युत बोर्ड को दिशा- निर्देश दिए जाने की मांग की गई.
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत को दिए गए ज्ञापन के माध्यम से समिति ने खरकाई पुल से होकर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने, सभी छठ घाटों पर ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था करने, आतिशबाजी व पटाखे फोड़ने पर रोक लगाने, पूजन के दौरान आवासीय क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने और खरकाई ब्रिज तथा कुलुपटांगा छठ घाट के निकट गोताखोरों/ तैराकों की व्यवस्था करने की मांग की.
प्रतिनिधि मंडल की बातों को सुनने के बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि छठ पूजा को बेहतर तरीके से संपन्न कराने हेतु सभी जरूरी उपाय किए जाएंगे. जिला स्तर पर बैठक आयोजित कर छठ घाट का निरीक्षण कर अद्यतन एवं वास्तविक स्थिति का आकलन कर कार्य योजना बनाई जाएगी.
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक से मिलने वाले प्रतिनिधि मंडल में पुरेंद्र नारायण सिंह के अलावा शिक्षाविद एस डी प्रसाद, उद्यमी एवं समाजसेवी सत्येंद्र प्रभात, देव प्रकाश, अवधेश कुमार, जय मंगल यादव, परशुराम पंडित, मिथिलेश कुमार झा सहित अन्य लोग शामिल थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
