चांडिल: कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत भाभी होटल के समीप स्थित चौक की जर्जर सड़क अब स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है. सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.


स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे और बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. बारिश के कारण सड़क पर बने गड्ढे और अधिक गहरे हो गए हैं, जिससे राहगीरों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.
विशेष रूप से बाइक सवार और साइकिल चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई बार लोग असंतुलित होकर सड़क पर गिर चुके हैं और घायल भी हुए हैं. वहीं भारी वाहनों के गुजरने के दौरान सड़क पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता है.
स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर परिषद एवं संबंधित विभाग को कई बार सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है.
क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

