जमशेदपुर: झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव सोमवार को जमशेदपुर पहुंचे, जहां उन्होंने झारक्राफ्ट के नए शोरूम का उद्घाटन किया. इससे पहले सर्किट हाउस पहुंचने पर राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री संजय यादव ने कहा कि झारक्राफ्ट के माध्यम से राज्य के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस पहल के जरिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे. प्रारंभिक चरण में 25 हजार युवा इससे सीधा जुड़ चुके हैं, जबकि आने वाले दिनों में करीब एक लाख लोगों को इस योजना से जोड़ने की तैयारी है.
मंत्री ने कहा कि झारखंड की कलाकृतियां बेहद अनूठी हैं और झारक्राफ्ट इन्हीं कलाओं को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है. उन्होंने कहा कि इसकी स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा देना और लोगों की जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाना है.
उन्होंने बताया कि झारक्राफ्ट ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बनाई है. इस मुकाम तक पहुंचने में 25 हजार बुनकरों, 120 प्राथमिक बुनकर सहयोग समितियों, स्वयं सहायता समूहों और 220 कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. झारक्राफ्ट के एंपोरियम रांची, धनबाद, देवघर सहित देश के कई महानगरों जैसे बेंगलुरु, कोलकाता, दिल्ली और मुंबई में भी संचालित हो रहे हैं. पूरे देश में झारखंड के 14 एंपोरियम कार्यरत हैं, जो हथकरघा, हस्तशिल्प और शिल्प उत्पादों को नई पहचान दिला रहे हैं.
मंत्री ने कहा कि जमशेदपुर में नए एंपोरियम की स्थापना केवल एक व्यापारिक केंद्र का उद्घाटन नहीं है, बल्कि यह “वोकल फॉर लोकल” के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है. उन्होंने कहा कि आज दुनिया हस्तनिर्मित और प्राकृतिक उत्पादों की ओर तेजी से आकर्षित हो रही है. ऐसे में झारखंड की डोकरा कला, तसर सिल्क, सोहराय पेंटिंग्स, बांस और लकड़ी के हस्तशिल्प वैश्विक स्तर पर पहचान बना रहे हैं.
उन्होंने झारक्राफ्ट से जुड़े ग्रामीण परिवारों और कारीगरों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और प्रतिभा ने झारखंड की कला को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. सरकार उन्हें हर संभव सहयोग देगी.
वहीं आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया की स्थिति पर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे झारखंड के उद्योगों की समीक्षा की जाएगी. उद्योगों के नाम पर आवंटित जमीन का उपयोग नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और जरूरत पड़ने पर जमीन वापस ली जाएगी. साथ ही वैसे उद्यमियों को चिन्हित कर जेल भी भेजा जाएगा. मंत्री ने कहा कि आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया के इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है और जल्द इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे. हालांकि उन्होंने इसके लिए पूर्व की सरकार को जिम्मेदार ठहराया.
इधर जेएमटी कंपनी के कामगारों के आंदोलन को लेकर मंत्री ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी. उन्होंने आंदोलनरत श्रमिकों से फोन के जरिये सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया. मंत्री के स्वागत में राजद प्रदेश महासचिव केडी सिंह, आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह, राजद प्रदेश सचिव अर्जुन प्रसाद यादव, देव प्रकाश देवता समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.



