आदित्यपुर: झारखंड की हाईटेक यातायात पुलिस की लापरवाही से एक युवक और उसके परिजन परेशानी में पड़ गए हैं. दरअसल युवक की स्कूटी पर ऐसा चालान काटा गया है जिसमें कोई गलती उसकी नहीं है.

मामला राजधानी रांची से जुड़ा है. बीते 24 अगस्त को सुबह 9 बजकर 31 मिनट पर तुपुदाना में यातायात पुलिस ने एक स्कूटी सवार पर एक हजार रुपये का ऑनलाइन चालान काटा. चालान नंबर JH4157169250825010122 और वाहन नंबर JH05CC-2409 दर्ज है.
हैरानी की बात यह है कि जिस समय का जिक्र चालान में किया गया है उस समय स्कूटी आदित्यपुर में खड़ी थी और युवक हैदराबाद में अपने कॉलेज में मौजूद था. इसके बावजूद चालान युवक के पते पर पहुंच गया जिससे परिजन हैरान और परेशान हो उठे.
परिजन अब विभाग और जानकारों से लगातार पूछताछ कर रहे हैं लेकिन अभी तक उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला है. सवाल यह उठता है कि आखिर गलती किसकी है और इसकी सजा कौन भुगते.

