
जामताड़ा: नगर क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ी राहत भरी पहल की शुरुआत हुई है. नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता और समाजसेवी तरुण गुप्ता ने चुनावी वादे को पूरा करते हुए 24 घंटे नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा शुरू कर दी है. बुधवार शाम दुमका रोड स्थित शिव मंदिर प्रांगण से इस सेवा का शुभारंभ किया गया.


इस पहल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाना और स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना है. नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का वादा किया था और उसी दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. उन्होंने कहा कि नगरवासियों की सुविधा और सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
उन्होंने बताया कि जामताड़ा नगर क्षेत्र से 30 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को दिन- रात किसी भी समय नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी. इस सेवा से विशेष रूप से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को लाभ मिलेगा.
समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि कई बार समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती है. ऐसे में यह निशुल्क एंबुलेंस सेवा जरूरतमंदों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है. उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास के कारण इस सेवा को शुरू करना संभव हो पाया है.
नगरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया. लोगों का कहना है कि आपातकालीन परिस्थितियों में निशुल्क एंबुलेंस सेवा उपलब्ध होना बड़ी राहत की बात है.
एंबुलेंस सेवा का लाभ लेने के लिए नगरवासी 7765950812 और 9939595909 नंबर पर 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं.
कार्यक्रम में राजा नित्य गोपाल सिंह, अधिवक्ता मोहनलाल बर्मन, राजन राव, चंचल भंडारी, प्रदीप कतिया, राघवेंद्र सिंह, अरुण चौधरी, सुनील बाबरी, सुकुमार सरकार समेत सभी वार्ड पार्षद और शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






