राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना क्षेत्र अंतर्गत बाना पंचायत के बड़ाकांकी गांव में मंगलवार को पारंपरिक मंगला पूजा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ. पूजा की शुरुआत गांव के बड़े तालाब से विधिवत घट (कलश) लाकर की गई. श्रद्धालु पारंपरिक रीति- रिवाजों के साथ जुलूस की शक्ल में घट को पूजा स्थल तक लेकर पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया.

बताया जाता है कि यह मंगला पूजा वर्षों पुरानी परंपरा है, जिसे हर साल बड़े धूमधाम से आयोजित किया जाता है. इस अवसर पर आसपास के गांवों के साथ- साथ दूर- दराज से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे.

श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर कबूतर, मुर्गा, हंस और बकरा की बलि अर्पित करते हैं, जो इस परंपरा का हिस्सा माना जाता है.
पूजा के दौरान समाजसेवी बिजू मंडल, राजू मंडल, गणेश मंडल, विशाल मंडल एवं कुंज बिहारी मंडल द्वारा श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी और शरबत का वितरण किया गया.
इन समाजसेवियों द्वारा हर वर्ष इस तरह की सेवा कर लोगों के बीच सहयोग और सद्भाव का संदेश दिया जाता है. पूरे आयोजन के दौरान गांव में आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता की अनूठी झलक देखने को मिली.

