जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने हजारीबाग की विभत्स घटना के विरोध में एकदिवसीय धरना- प्रदर्शन किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने की.

धरना के बाद उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया. इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या की घटना के छह दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने कहा कि इस शर्मनाक घटना के विरोध में राज्यभर में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है. उन्होंने मांग की कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.
जयश्री देवी ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि छोटी बच्चियों तक को निशाना बनाया जा रहा है और पुलिस प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है. प्रदेश उपाध्यक्ष बबिता झा ने बताया कि 24 मार्च की रात विष्णुगढ़ में आयोजित एक जुलूस के दौरान बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या की गई, जिससे पूरा झारखंड स्तब्ध है. उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आना भी चिंताजनक है.
जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या ने कहा कि यह घटना पूरे राज्य को शर्मसार करने वाली है और त्वरित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश है. कार्यक्रम में भाजपा नेता कमल गुप्ता, लोकेश महतो, अनीता शर्मा, संजू देवी, गीता देवी, शुभम साव, सुभाष साव, सुनीता देवी और अर्चना गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.

