सरायकेला/ Pramod Singh प्रखंड अंतर्गत सीनी स्थित रेलवे इंस्टीट्यूट सीनी में 5 अप्रैल रविवार को महा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. यह शिविर सीनी रक्तदान समूह के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है, जिसमें ब्लड बैंक एवं कुड़मी संस्कृति विकास समिति झारखंड का सहयोग रहेगा.

आयोजक सहानंद महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि यह स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा. उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है” और इसका कोई विकल्प नहीं है. आपका दिया गया रक्त आपात स्थिति में किसी की जान बचा सकता है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रक्तदान से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि इससे स्फूर्ति बनी रहती है.
रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजकों की ओर से सड़क सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक रक्तदाता को एक-एक हेलमेट भी प्रदान किया जाएगा. इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की संभावना जताई जा रही है.

