आदित्यपुर: राष्ट्र को समर्पित संस्था भारत संस्कार की ओर से आयोजित शिक्षा सप्ताह-2026 का रविवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ समापन हुआ. समापन समारोह में छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. मुख्य अतिथि आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.


कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रपति एवं शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया गया. इसके बाद छात्राओं के लिए देशभक्ति आधारित समूह एवं एकल नृत्य प्रतियोगिता हुई. दोनों श्रेणियों में डीएवी एनआईटी की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया.
पुरेन्द्र ने संघर्ष से सफलता तक के उदाहरणों से बच्चों को किया प्रेरित
समारोह को संबोधित करते हुए पुरेंद्र नारायण सिंह ने भारत संस्कार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था के अध्यक्ष विनोद वार्ष्णेय बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार से जोड़ने का काम कर रहे हैं. उन्होंने बच्चों से कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर कोई न कोई प्रतिभा होती है, जरूरत उसे पहचानने और मेहनत के साथ आगे बढ़ाने की है.

उन्होंने प्रसिद्ध नृत्यांगना सुधा चंद्रन का उदाहरण देते हुए बताया कि 16 वर्ष की उम्र में दुर्घटना के बाद उनका दाहिना पैर काटना पड़ा था, लेकिन उन्होंने कृत्रिम पैर के सहारे दोबारा नृत्य शुरू किया और अपनी अलग पहचान बनाई.
उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्ष और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ उनके प्रयासों का भी उल्लेख किया. और कहा कि उस दौर में जब छुआछूत चरम पर था तब बिना विचलित हुए देश का संविधान लिख़ दिया.
झारखंड कैडर के आईएएस रमेश घोलप के संघर्ष का उदाहरण देते हुए बच्चों को बताया कि बचपन में पोलियो से उनका एक पैर प्रभावित होने और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और भारतीय प्रशासनिक सेवा तक का सफर तय किया.

सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुरुआती जीवन का उदाहरण देते हुए भी बच्चों को कठिन परिस्थितियों से निराश नहीं होने और लक्ष्य के लिए लगातार मेहनत करने की सीख दी.
विजेता प्रतिभागियों को मिला सम्मान
समापन समारोह में संस्था के संरक्षक रवींद्र नाथ चौबे, अध्यक्ष विनोद वार्ष्णेय, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षिका संध्या प्रधान, सेवानिवृत्त सरकारी कर्मी एवं सामाजिक कार्यकर्ता रामचंद्र पासवान, वार्ड संख्या 16 के पार्षद डॉ. नथुनी सिंह और शिक्षाविद एसडी प्रसाद, अधिवक्ता नरेंद्र कुमार सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे.
आयोजकों ने बताया कि शिक्षा सप्ताह के दौरान बच्चों की प्रतिभा, व्यक्तित्व विकास, संस्कार और राष्ट्रप्रेम को केंद्र में रखकर विभिन्न गतिविधियां एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. समापन पर अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

