आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन की आदित्यपुर रनिंग शाखा के आह्वान पर सोमवार को आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर रनिंग स्टाफ ने माइलेज किलोमीटर भत्ते में बढ़ोतरी की मांग को लेकर धरना- प्रदर्शन किया. यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि माइलेज भत्ते में लंबे समय से वृद्धि न होने के कारण रनिंग स्टाफ आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहे हैं.

आदित्यपुर शाखा के पदाधिकारी मुकेश सिंह ने बताया कि माइलेज किलोमीटर भत्ता रनिंग स्टाफ के श्रम का मुख्य आधार है. वर्षों से इसमें कोई संशोधन नहीं होने से कर्मचारियों में हताशा बढ़ रही है. उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की कि तत्काल रनिंग स्टाफ की समस्याओं पर ध्यान देते हुए भत्ते में उचित बढ़ोतरी की जाए.
वहीं प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है. कार्यक्रम के दौरान एस.के. गिरी, अमित कुमार, अरनव दास सहित कई यूनियन सदस्यों ने संबोधन किया. मौके पर बड़ी संख्या में लोको पायलट, विद्युत लोको पायलट, शंटर सहायक, लोको पायलट और ट्रेन प्रबंधक मौजूद रहे.

