सरायकेला/ जमशेदपुर: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के 29 दिसंबर को जमशेदपुर एवं आदित्यपुर आगमन के मद्देनजर झारखंड सरकार और जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम तेज कर दिया है. इस क्रम में सचिव- वाणिज्य कर विभाग, झारखंड सरकार अमिताभ कौशल और जोनल आईजी मनोज कौशिक ने मंगलवार को जमशेदपुर सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की, जिसमें पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सरायकेला- खरसांवा उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, एसएसपी पूर्वी सिंहभूम पीयूष पांडेय, एसपी सरायकेला- खरसावां मुकेश लुणायत समेत अन्य प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में परिभ्रमण मार्ग का मैपिंग, यातायात प्रबंधन, रास्ते से निर्माण सामग्री हटाना, आवश्यकतानुसार बेरिकेटिंग, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, रिहर्सल, पूरे क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित करना और प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित करने के संबंध में दिशा- निर्देश दिए गए.

बैठक उपरांत सचिव एवं जोनल आईजी ने करनडीह स्थित कार्यक्रम स्थल, एनआईटी जमशेदपुर और एयरपोर्ट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सभी पदाधिकारियों ने सुरक्षा और विधि व्यवस्था का जायजा लिया और निर्देश दिए कि सभी तैयारियां अचूक और समयनिष्ठा के साथ पूरी की जाएं.

इस दौरान ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीडीसी नागेन्द्र पासवान, एडीसी भगीरथ प्रसाद, नगर आयुक्त आदित्यपुर, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी और सरायकेला- खरसावां जिला के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

