सरायकेला/ Pramod Singh खरसावां थाना परिसर में मंगलवार को दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी गौरव कुमार ने की. इस दौरान आपसी सौहार्द और शांति के साथ त्योहार मनाने का निर्णय लिया गया तथा सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई.

थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि खरसावां के तलासाही, बेहरासाही और सरकारी मंदिर में मां दुर्गा की पूजा की जाएगी. मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन 2 अक्टूबर की शाम 8 बजे से निर्धारित रूट के माध्यम से किया जाएगा. इससे पूर्व शाम 7 बजे हाई स्कूल मैदान में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित होगा.
उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को बेल्याधिवास कर मां दुर्गा का आवाहन किया जाएगा. 29 सितंबर को सप्तमी पूजा, 30 सितंबर को अष्टमी और संधि पूजा, 1 अक्टूबर को नवमी और 2 अक्टूबर को विजया दशमी पूजा होगी. विजया दशमी के दिन देर शाम मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा.
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएंगे और रात 10 बजे के बाद साउंड सिस्टम बंद रहेगा. महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार बनाने के साथ बैरिकेटिंग की जाएगी. पंडालों में फायर फाइटिंग सिस्टम की व्यवस्था पूजा समितियों को करनी होगी. किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना मिलने पर पुलिस को तुरंत जानकारी देने की अपील की गई.
बैठक में यह भी मांग की गई कि पूजा के दौरान बिजली की आपूर्ति निर्वाध रूप से बनी रहे, अस्पताल खुले रहें, खराब चापाकलों की मरम्मत हो और सड़क पर बने बड़े स्पीड ब्रेकर हटाए जाएं. थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. साथ ही पुलिस टीम गश्त भी करेगी और पूजा के दौरान किसी तरह की अफवाह फैलाने पर सख्त कार्रवाई होगी.
बैठक में जिला परिषद सदस्य काली चरण बानरा, मुखिया सुनीता तापे, अशोक राउत, आशीष मिश्रा, हाजी अब्दुल गनी, मो. खालिद, मो. दिलदार, राज तबरेज, राजू पानी, सुब्रतो सिंहदेव, कान्हा पत्रों, वकील बारीक और आलोक दास सहित कई लोग मौजूद थे.

