आदित्यपुर: उत्क्रमित उड़िया मध्य विद्यालय में पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर मामला अब प्रशासन तक पहुंच गया है. लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रदेश सचिव मनोज पासवान ने उपायुक्त को पत्र लिखकर तत्काल समाधान की मांग की है.

पत्र के अनुसार, विद्यालय में करीब 600 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. आदित्यपुर नगर निगम के जलापूर्ति कनेक्शन के बावजूद पानी का प्रेशर बेहद कम रहता है और कई बार पानी आता ही नहीं है.
भीषण गर्मी के बीच इस स्थिति ने छात्रों की परेशानी बढ़ा दी है. पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने से बच्चों को प्यास और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है.
पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि इस समस्या के समाधान के लिए विद्यालय परिसर में बोरिंग कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि नियमित रूप से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके.
मनोज पासवान ने प्रशासन से आग्रह किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया जाए और जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाए. पत्र की प्रतिलिपि नगर निगम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी भेजी गई है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है, क्योंकि सवाल सीधे सैकड़ों बच्चों के स्वास्थ्य और सुविधा से जुड़ा हुआ है.

