लोहरदगा: उपायुक्त कार्यालय, लोहरदगा में लंबे समय से कार्यरत चालक मनी उरांव शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए. उनके सेवानिवृत्त होने के अवसर पर समाहरणालय सभाकक्ष में विदाई समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार मीना समेत जिले के वरीय पदाधिकारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके सुखद, स्वस्थ एवं खुशहाल भविष्य की कामना की. इस दौरान मनी उरांव को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया.


मौके पर उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि सेवानिवृत्ति प्रत्येक सरकारी कर्मी के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिससे हर किसी को गुजरना पड़ता है. यह किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए सफर की शुरुआत है. उन्होंने मनी उरांव की कर्तव्यपरायणता, ईमानदारी और समर्पण के साथ दी गई सेवाओं की सराहना करते हुए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया. साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद उनके जीवन में सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की.
समारोह में उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने भी मनी उरांव के साथ अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए. उन्होंने उनके व्यवहार, कार्यशैली और सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी सेवा में उनके द्वारा दिए गए योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा. सभी ने उन्हें नई जीवन यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं.
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

