चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तमोलिया क्षेत्र से चार युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है. इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया है.



गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निमडीह थाना क्षेत्र के केंदीडीह निवासी परीक्षित महतो के पुत्र आकाश महतो (19), चौका थाना क्षेत्र के सिंघाती निवासी छोटूलाल गोराई के पुत्र शिबू गोराई (20), जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती निवासी जितेंद्र यादव के पुत्र सुमित कुमार यादव (19) और गोवर्धन यादव के पुत्र राहुल यादव (20) के रूप में हुई है. आकाश महतो वर्तमान में कपाली के तमोलिया में किराये के मकान में रह रहा था. वहीं शिबू गोराई जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कल्याण नगर में किराये के मकान में रह रहा था.
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस को तमोलिया क्षेत्र में ब्राउन शुगर की बिक्री किए जाने की लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी. सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी थी. इसी क्रम में पुलिस टीम ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान उनके पास से 58 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई.
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या JH05DU-3730 और काले रंग की बजाज पल्सर 220 मोटरसाइकिल संख्या JH05EC-1865 को जब्त कर लिया. इस संबंध में कपाली ओपी में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आकाश महतो और शिबू गोराई पूर्व में भी अलग-अलग मामलों में जेल जा चुके हैं.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने आम लोगों से भी नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित किसी भी तरह की सूचना पुलिस को देने की अपील की.
छापेमारी दल में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी, टाइगर जवान विपुल कुमार तिवारी, मोहम्मद दस्तगीर आलम समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक





