खूंटी: पुलिस को उग्रवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के दो सहयोगियों को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा और 8 एमएम की दो गोली बरामद की गई है.

खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खूंटी थाना क्षेत्र के जिलिंगा जंगल में पीएलएफआई से जुड़े कुछ लोग जुटे हुए हैं और किसी बड़ी घटना की साजिश रच रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक राम प्रवेश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीम जैसे ही जंगल क्षेत्र में पहुंची, वहां मौजूद युवक भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीन से चार अन्य युवक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू स्वांसी और कुलन कोनगाड़ी के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक- एक लोडेड देसी कट्टा और 8 एमएम की दो गोली बरामद की गई.
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पीएलएफआई के सक्रिय सदस्यों के सहयोगी के रूप में काम करने और इलाके में लेवी वसूली में मदद करने की बात स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कुलन कोनगाड़ी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. इस मामले में खूंटी थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. पुलिस का कहना है कि इलाके में उग्रवादी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.



