खूंटी: लोहरदगा में आयोजित विश्व हिन्दू परिषद- बजरंग दल की प्रांतीय बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्ययोजना को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक के दौरान प्रांत नेतृत्व ने संगठनात्मक फेरबदल करते हुए कर्मवीर महतो को बजरंग दल, खूंटी का नया जिला संयोजक नियुक्त किया. इस घोषणा के साथ ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया.



कर्मवीर महतो इससे पहले जिला सह संयोजक के रूप में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने खूंटी जिले के विभिन्न प्रखंडों और नगरों में संगठन को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सेवा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का सफल नेतृत्व किया. उनके नेतृत्व में जिले में कई धार्मिक, सामाजिक और सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे संगठन का जनाधार लगातार बढ़ा.
प्रांत नेतृत्व ने कहा कि कर्मवीर महतो ने अपने समर्पण, अनुशासन, संगठनात्मक क्षमता और सक्रिय कार्यशैली के बल पर कार्यकर्ताओं के बीच एक मजबूत पहचान बनाई है. इन्हीं गुणों को देखते हुए उन्हें जिला संयोजक जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक विस्तार दिया जा सके.
नवनियुक्त जिला संयोजक कर्मवीर महतो ने प्रांत नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ा दायित्व भी है. उन्होंने कहा कि वे जिले के प्रत्येक प्रखंड और नगर में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा सेवा, सुरक्षा और संस्कार से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे.
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया. प्रांतीय बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कर्मवीर महतो को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में खूंटी जिले में बजरंग दल का संगठनात्मक विस्तार और अधिक गति पकड़ेगा.





