खरसावां/ Rasbihari Mandal प्रखंड के पदमपुर गांव में आयोजित झारखंड का प्रसिद्ध सात दिवसीय काली मेला शुक्रवार से श्रद्धा और भक्ति के माहौल में शुरू हुआ. इस अवसर पर लाखों श्रद्धालु मां काली के दर्शन और पूजा- अर्चना के लिए पदमपुर पहुंचे. पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था की लहर देखने को मिली.
मां काली के जयकारों से पूरा मेला परिसर गुंजायमान रहा. श्रद्धालु भक्तिभाव से मां के दरबार में दीप जलाते और प्रसाद चढ़ाते नजर आए. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं.


इस अवसर पर कोल्हान रक्षा संघ के अध्यक्ष डिबार जोंको, झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय सुंडी समाज के अध्यक्ष रविंद्र मंडल, सरायकेला- खरसावां जिला सुंडी समाज के अध्यक्ष लक्ष्मण मंडल, कोल्हान रक्षा संघ के महामंत्री मानसिंह हेंब्रम, तथा अधिवक्ता सह संघ की वरिष्ठ सदस्य पूनम हेंब्रम ने मां काली के चरणों में माथा टेका. इन सभी ने झारखंड की जनता के सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की.
मेला परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही. स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीत, झूमर नृत्य और लोकसंगीत ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. पूरा पदमपुर गांव उत्सवमय वातावरण में डूब गया है.

ग्रामीणों के सहयोग से मेले की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है. वहीं, प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई है.

