चांडिल/ Afroz Mallik कपाली क्षेत्र में नाला जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है. लगातार बारिश के कारण पानी की निकासी न होने से स्कूल और कपाली ओपी जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जलमग्न हो चुकी है. गंदा पानी सड़क पर बह रहा है जिससे स्कूली बच्चों, स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर परिषद और प्रशासन को कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक न तो नाले की सफाई हुई और न ही जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था बनाई गई है. स्कूल जाने वाले बच्चों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है जबकि कपाली ओपी परिसर तक पहुंचने में भी दिक्कत हो रही है. जलजमाव के कारण बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है. लोगों ने प्रशासन से जल्द नाला साफ कराने और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है ताकि आमजन को राहत मिल सके.

