चांडिल: अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र के गौरी गांव में शनिवार को एक करीब 60 वर्षीय अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई.

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक पिछले 1-2 महीनों से गौरी गांव और आसपास के क्षेत्रों में घूमता हुआ देखा जा रहा था. ग्रामीणों ने बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता था और अक्सर इधर- उधर भटकता रहता था.
सूचना मिलने पर कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास जारी है. कपाली ओपी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो या वह उसे पहचानता हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके.

