चांडिल/ Afroz Mallik कपाली गैस गोदाम के समीप स्थित एक किराए के मकान में 28 वर्षीय शाहिद अंसारी उर्फ पिंटा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने घर में लगे पाइप से चादर के सहारे फांसी लगाई. हालांकि मृतक के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

मृतक के चचेरे भाई महफूज अंसारी ने आरोप लगाया कि शाहिद की पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों ने हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया. उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर जब वे किराए के मकान पहुंचे तो शव चौकी पर रखा था और कंबल से ढंका हुआ था. उन्होंने सवाल उठाया कि फंदे से शव को किसने और कब उतारा.
वहीं मृतक की पत्नी द्राक्षा बानो ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि सुबह नींद खुलने पर उन्होंने अपने पति को फंदे से लटका देखा. उन्होंने दावा किया कि वह घर में अकेली थीं और किसी तरह नीचे उतारकर चौकी पर लिटाया तथा आसपास के लोगों और परिजनों को सूचना दी.
पत्नी के अनुसार एक दिन पहले तीन हजार रुपये की मांग को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. परिजनों के अनुसार शाहिद अंसारी ने प्रेम विवाह किया था और उनके दो छोटे बच्चे हैं. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.
सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस की टीम पहुंची और आवश्यक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है.

