चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कमारगोड़ा चौक में रविवार को बच्चा चोर की अफवाह से अफरा- तफरी मच गई. संदिग्ध गतिविधि के शक में स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई.

जानकारी के अनुसार चौक पर मौजूद लोगों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. इसी बीच किसी ने बच्चा चोर होने की आशंका जता दी. अफवाह तेजी से फैल गई और लोगों ने युवक को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी. युवक ने अपना नाम सोम मांझी और पता निमडीह थाना क्षेत्र बताया.
मामले की सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने भीड़ को शांत कराया और युवक को सुरक्षित कब्जे में लेकर कपाली ओपी लाया गया. पुलिस के अनुसार युवक किन्नर का वेश बनाकर कांदरबेड़ा चौक पर राहगीरों से पैसे मांगकर जीवन यापन करता है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि युवक किस उद्देश्य से वहां मौजूद था.
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बच्चा चोर जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून हाथ में लेने से बचें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में शांति बनी रहे.

